देहरादून। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्विविद्यालय के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने शुक्रवार को दून के कई केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा की व्यवस्थाएं देखी। हालांकि सभी जगह व्यवस्थाएं चाक चौबंद मिली। छह मई से गढ़वाल के सभी जिलों में श्रीदेव सुमन विवि की परीक्षाएं चल रही हैं। शुक्रवार को परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं जांचने के लिए कुलपति प्रो. एनके जोशी ने सनराईज एकेडमी रायपुर रोड व अन्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रश्नपत्रों की गोपनीयता एवं उत्तर पुस्तिकाओं की भी जांच की। परीक्षा केन्द्रों में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद पाई गयी। कुलपति प्रो. जोशी ने सभी महाविद्यालयों व संस्थानों को निर्देशित किया कि सीसीटीवी कैमरों से भी छात्रों की लगातार निगरानी करते रहें। उन्होने बताया कि नकल विहीन परीक्षा करवाने और समय पर परीक्षा परिणाम घोषित करना विवि की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जिस केंद्र में नकल पायी जाएगी उसे तत्काल निरस्त किया जाएगा।

