Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तराखंडचमोलीयूकेडी ने निकाली रैली, 70 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान

यूकेडी ने निकाली रैली, 70 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान

चमोली। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने रविवार को भाजपा और कांग्रेस पर प्रदेश के जल, जंगल और जमीन के मुद्दों को उलझाए रखने का आरोप लगाते हुए बाजार में रैली निकालकर जनसभा की। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने और सरकार बनाने का दावा किया। यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने परखाल तिराहे से मुख्य बाजार तक नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। बस स्टैंड पर आयोजित सभा में नेगी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने बारी-बारी से प्रदेश में शासन किया लेकिन 25 वर्ष बाद भी स्थायी राजधानी का निर्णय नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहाड़ी क्षेत्रों में डाकघरों तक में बाहरी राज्यों के कर्मियों की नियुक्ति की जा रही है व विकास के नाम पर शराब की दुकानें खोलकर युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है। प्रदेश में बढ़ती हत्याओं को उन्होंने लचर कानून व्यवस्था का परिणाम बताया। नेगी ने कहा कि यूकेडी सत्ता परिवर्तन के लिए सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाकर रोजगार के अवसर सृजित कर पलायन रोकने का काम करेगी। इस अवसर पर संगठन मंत्री जमन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष माही चमोला, कुलदीप रावत, राहुल नेगी, मन्नू नेगी और दर्शन रावत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments