Tuesday, March 24, 2026
Homeउत्तराखंडविकासनगरचहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने जनता की गाढ़ी...

चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने जनता की गाढ़ी कमाई खतरे में डाली : काँग्रेस

विकासनगर। केंद्र सरकार ने अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए देश के नागरिकों की गाढ़ी कमाई को खतरे में डाल दिया है।  ये बात सोमवार को डाकपत्थर रोड स्थित भारतीय जीवन बीमा कार्यालय के सामने जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन के दौरान कही ।  प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रही कांग्रेस की जिला कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मी कपरुवाण अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार के चहेते अडानी समूह में भारतीय जीवन बीमा निगम ने 36 हजार करोड़ से अधिक और भारतीय बैंकों ने करीब 80 हजार करोड़ का निवेश किया हुआ है। अब अडानी के खातों में घोटोले सामने आने और अडानी समूह के शेयरों में गिरावट आने से देश के लाखों लोगों की खून पसीने की कमाई पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। कहा कि रिजर्व बैंक भी अडानी समूह के ऋण की सूची विभिन्न बैंकों से तलब कर रहा है। इससे जाहिर है कि शेयर मार्केट में इस समूह के शेयरों के दाम गिरने से रिजर्व बैंक भी चिंतित है। ऐसे में आम लोगों की क्या हालत होगी इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अभी तक केंद्र सरकार ने इस पूरे मसले पर चुप्पी साधी हुई है। सरकार को देश की जनता को यह बताना होगा कि उनके पैसे सुरक्षित हैं या नहीं। कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी, अनियंत्रित मुद्रास्फीति और आर्थिक संकट के चलते चारों ओर घोर निराशा का माहौल है। जनता को आम बजट से उम्मीद थी कि कोविड काल के दुष्प्रभाव से उबरने के लिए कुछ ठोस कदम उठाए जाएंगे। लेकिन बजट में न तो बेरोजगारी से निपटने के उपाय बताए गए और न ही बढ़ती महंगाई पर काबू पाने के लिए कोई कारगर कदम उठाए गए हैं। आम बजट से देश के नागरिकों को निराशा हुई है। अब अडानी समूह के काले कारनामे ने निवेशकर्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति या भारत के मुख्य न्यायाधीश की निगरानी में कराए जाने की मांग की है। धरना प्रदर्शन करने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, शहर अध्यक्ष कितेश जायसवाल, हरबर्टपुर शहर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, पूर्व शहर अध्यक्ष शम्मी प्रकाश, विकास शर्मा, संजय जैन, रेखा रमोला, मंजू कैंतुरा, उषा, पिंकी रावत, अमित पंवार, बीना चौहान, सरोज, अशोक नेगी, हरीष बिष्ट, नीलम थापा, विनोद, सुनील तोमर, एलम चंद मुल्तानी, लाल बहादुर, मंजीत चावला, जितेंद्र रावत, विरेंद्र सिंह, अमित सिंह, विजय कुमार, अब्बास अली, कमल किशोर, सोमपाल, मोहित बिष्ट, अभिषेक चौहान आदि शामिल रहे।

 

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments