Sunday, July 20, 2025
Homeराजनीतिप्रदेश कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में तिरंगा यात्रा निकाली

प्रदेश कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में तिरंगा यात्रा निकाली

पूरा देश भारत की सेना की पीछे मजबूती से खड़ा है: माहरा
देहरादून। भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में तिरंगा यात्रा निकालते हुए एकता का संदेश दिया। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि इस वक्त पार्टी अपने सभी लोकतांत्रिक मतभेद भुलाते हुए राष्ट्रीय संकट की घड़ी में देश की केंद्र सरकार और सेना के साथ मजबूती से खड़ी है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश कांग्रेस ने अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में मुख्यालय भवन से तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता हाथ में देश का तिरंगा झंडा लेकर राजपुर रोड, घंटाघर, पलटन बाजार, डिस्पेंसरी रोड, दर्शन लाल चौक होते हुए घंटाघर स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सेना का जोश बढ़ाने के लिए जबरदस्त नारेबाजी की। वहीं बाबा साहब भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए देश की एकता अखंडता, केंद्र सरकार व देश की सेना के साथ डटकर खड़ा होने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष माहरा ने कहा कि देश के लिए हम कोई भी बड़ी से बड़ी कुर्बानी के लिए तैयार हैं। सह प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना ने संयम बरतते हुए पहले दिन केवल आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर पहलगाम हमले का बदला लेने की कार्रवाई अपनी हवाई सीमा में रहते हुए की थी। लेकिन पाकिस्तान ने जो दुस्साहस किया, उसका मुंह तोड़ जवाब भारत ने दिया। पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने जितनी बार भी भारत को ललकारा है, उसको उसकी भरी कीमत चुकानी पड़ी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता हर संकट की घड़ी में सरकार सेना शासन व प्रशासन के सहयोग के लिए तैयार है। महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि शहर में आवश्यकता पड़ने पर वह जिला प्रशासन व सिविल डिफेंस के अधिकारियों को अपने कार्यकर्ता उपलब्ध करवाएंगे। इस मौके पर विधायक विक्रम सिंह नेगी, लखपत बुटोला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, हेमा पुरोहित, आर्येंद्र शर्मा, मदन लाल, दिनेश कौशल, याकूब सिद्दीकी, नवीन जोशी, गरिमा दसौनी, वीरेंद्र पोखरियाल, जगदीश धीमान, अनिल बेसनेट, पूरण सिंह रावत, महेंद्र सिंह नेगी, अभिनव थापर, ऐतात खान, सुशीला शर्मा, सावित्री थापा, गोपाल गड़िया आदि शामिल रहे।

 

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments