देहरादून। देहरादून के केदारपुरम स्थित राजकीय बालिका निकेतन के 30 से अधिक बच्चों ने महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के साथ रविवार को वसंतोत्सव का आनंद लिया। इस दौरान मंत्री रेखा आर्य बच्चों के अभिभावक के साथ-साथ उनकी गाइड की भूमिका में भी नजर आईं। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या रविवार को बालिका निकेतन के बच्चों के साथ राजभवन पहुंचीं। यह बालिका निकेतन महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत ही संचालित किया जाता है। इस मौके पर रेखा आर्या ने कहा कि विभागीय मंत्री होने के नाते वे ही इन बच्चों की अभिभावक हैं, इसलिए रविवार को इन बच्चों को वसंतोत्सव का भ्रमण कराया गया और इनकी पिकनिक कराई।
मंत्री ने कहा कि जिस तरह आम लोग भारी संख्या में वसंतोत्सव में आ रहे हैं, वह इस कार्यक्रम की लोकप्रियता को दिखाता है। मंत्री और बच्चों ने राजभवन में चल रहे सांस्कृतिक नृत्य में भी हिस्सा लिया। वसंतोत्सव में कई स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं, इन सभी पॉइंट पर बच्चों ने मंत्री के साथ सेल्फी भी ली।
इस अवसर पर मुख्य परिवीक्षा अधिकारी मोहित चौधरी, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता आदि मौजूद रहे।

