देहरादून। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं और नगर निगम की सुस्ती के खिलाफ सुराज सेवा दल ने मंगलवार नगर निगम परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष सुमित अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नगर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शहर की बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की। प्रदर्शन के दौरान सुमित अग्रवाल ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए लाखों रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था, लेकिन धरातल पर अब तक कैमरे नहीं लगे हैं। यह न केवल नगर निगम की घोर लापरवाही है, बल्कि सरकारी धन के दुरुपयोग की ओर भी इशारा करता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता के कारण आम जनता भयभीत है। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द सभी वार्डों में कैमरे लगाने और अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी, देवेन्द्र बिष्ट, कावेरी जोशी, हिमांशु धामी, विजेंद्र, कमल धामी, राजेश थापा, लालमणि भारद्वाज, संगीता, मदन बहुगुणा और पूजा नेगी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

