विकासनगर। माह के प्रथम रविवार को स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने दस बजे दस मिनट स्वतंत्रा संग्राम सैनानियों की स्मृति में कार्यक्रम के तहत शहीद पार्क में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों के त्याग और बलिदान से मिली आजादी का उत्सव सारा देश मनाता है और नई पीढ़ी को देशभक्ति की भावना से अनुप्राणित किया जाता है। स्वतंत्रता दिवस, भारत छोड़ो आन्दोलन तथा काकोरी कांड की स्मृतियां हम लोगों को आन्दोलित करती हैं। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के सचिव सोमेंद्र प्रकाश टंडन ने कहा कि युवा पीढ़ी को स्थानीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जानकारी मुहैया कराने के लिए पछुवादून क्षेत्र में एक संग्रहालय बनाया जाना चाहिए। इसके लिए जन प्रतिनिधियों को पहल करनी होगी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी अपने क्षेत्र के इतिहास और गौरव से अनभिज्ञ होती जा रही है, जबकि किसी भी क्षेत्र का वैभवशाली इतिहास उसकी धरोहर होता है। संगठन के अध्यक्ष विनय मित्तल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सिर्फ श्रद्धांजलि देने से ही उनके प्रति हमारे कर्तव्यों की इतिश्री नहीं हो जाती है बल्कि देश की आजादी में उनके योगदान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी हमारा दायित्व है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के शौर्य की गाथाओं को युवाओं के साथ साझा करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता, अखंडता और संविधान की रक्षा करना युवा पीढ़ी का दायित्व है। इस दौरान अमृत लाल कश्यप, जगदीश चंद्र, अनुकल तोमर, आदित्य चौहान, निकुंभ टंडन, समीक्षा राठौर, कुश चौहान, कान्हा टंडन, लव चौहान, सक्षम राठौर आदि मौजूद रहे।

