देहरादून। उत्तरी रेलवे मजदूर यूनियन देहरादून शाखा की बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की गई। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई। रेलवे स्टेशन पर आयोजित बैठक में यूनियन के मंडल मंत्री धर्मवीर सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष संजय माथुर की मौजूदगी में कर्मचारियों ने क्रॉसिंग गेट पर तैनात गेटमैनों की कार्यदशा पर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि क्रॉसिंग गेट पर वर्तमान में ली जा रही 12 घंटे की ड्यूटी को घटाकर 8 घंटे किया जाना चाहिए। इसके अलावा, लोको में एलपीजी की उपलब्धता और सीडीओ ब्रांच में वंदे भारत एक्सप्रेस के कर्मचारियों के रोटेशन की मांग भी पुरजोर तरीके से उठाई गई। इस मौके पर शाखा सचिव अरुण पासवान, सहायक मंडल मंत्री आकाश कुमार, सुमित सक्सेना, राजीव कुमार, ओमवीर सिंह और प्रदीप सैनी मौजूद रहे।

