ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकर श्री अजीत डोभाल जी को आज उनके जन्मदिवस पर शुभकामनायें देते हुये कहा कि उन्होंने मूल्य आधारित सांस्कृतिक नीतियों को मूल में रखकर वैश्विक स्तर पर भारत के संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी और आने वाली पीढ़ियों के लिये आदर्श स्थापित किये।
भारत का जांबाज हीरो, हिमालय पुत्र, भारत माता की शान, उत्तराखंड का गौरव, माँ भारती का कर्मठ लाल और हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजीत डोभाल जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनायें देते हुये आज की परमार्थ गंगा आरती श्री अजीत डोभाल जी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन हेतु समर्पित की गयी।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि श्री अजीत डोभाल जी उत्तराखंड ही नहीं बल्कि भारत के एक ऐसे व्यक्तित्व है जिन्होंने देश की सुरक्षा हेतु अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। भारतीय सुरक्षा और सैन्य ऑपरेशनों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। वे कई आॅपरेशनों के मुख्य सलाहकार और वार्ताकार रहे। उन्होंने राष्ट्र हित के कई मिशन को सफल बनाया। वे भारत माता और भारतीयों की सुरक्षा के लिये अपनी पूरी टीम के साथ सदैव तैयार रहते हैं। श्री डोभाल जी ने हमें अपनी कर्मनिष्ठा और कर्तव्य निष्ठा से देशभक्ति का एक नया स्वरूप प्रदान किया, उनकी देश के प्रति निष्ठा अद्भुत है।
स्वामी जी ने कहा कि कीर्ति चक्र से सम्मनित श्री डोभाल जी ने अनेक कीर्तिमान स्थापित किये। आज भारत को ऐसे ही समर्पित व्यक्तित्व की आवश्यकता है जो कि देश की गरिमा, मर्यादा, प्रतिष्ठा और समरसता को बनाये रखे, प्रभु उन्हें दीर्घायु और दिव्यायु प्रदान करें।
स्वामी जी ने कहा कि भारत ने ऐसे अनेक अवसर देखे जब श्री डोभाल जी के नेतृत्व में हमारे देश के जांबाज जवानों ने हमारे दुश्मनों को दांतोें तले उंगली दबाने को मजबूर कर दिया। उन्होंने सुदृढ़ रणनीति और कुशलता से अनेक आपरेशनों को अंजाम दिया। उत्तराखंड का गौरव और भारत के इस असली हीरे को जन्मदिवस की शुभकामनायें।