विकासनगर। गुरुवार को सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने अपने कैंप कार्यालय सुद्धोवाला में जल संस्थान एवं पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ आपदा के बाद उत्पन्न जल संकट को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा की गई। विधायक पुंडीर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जाए और पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि जहाँ-जहाँ पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहाँ तत्काल टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी क्षेत्रवासी को असुविधा का सामना न करना पड़े।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में जनता को राहत पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए प्रशासन व विभागीय अधिकारी पूरी तत्परता से कार्य करें।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य कुमारी कंचन, मेघ सिंह, यशपाल नेगी जी, ग्राम प्रधान कांसवाली कोठडी नीरज नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्यामा देवी जी, चतर सिंह ग्राम प्रधान बिधोली, अभिषेक अनुज आदि लोग उपस्थित रहे।

