देहरादून। विधानसभा सहसपुर के अंतर्गत विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने नगर निगम क्षेत्र आरकेडिया वार्ड 92 के अंतर्गत कारगिल शहीद विजय भंडारी मिलन केंद्र के प्रांगण में पेयजल निगम के अधिकारियों और चाय बागान प्रबंधन के साथ बैठक की। इस दौरान दौरान सभी कॉलोनी वासी भी उपस्थित रहे। कुछ दिन पूर्व सुद्धोवाला स्थित विधायक के कैंप कार्यालय में उक्त कॉलोनी वासी क्षेत्र की पेयजल और चाय बागान संबंधित समस्याएं लेकर विधायक से मिले थे ,जिसका संज्ञान लेते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान क्षेत्रवासियों ने विधायक को अवगत कराया कि ग्राम श्यामपुर ,लक्ष्मीपुर ,मोतीपुर और ऊमेदपुर की सीमाओं से लगे हुए चाय बगान का रखरखाव पहले चाय बागान कंपनी करती थी, लेकिन पिछले सात-आठ वर्षों से चाय बागान कंपनी ने इस क्षेत्र के बागान का रखरखाव छोड़ दिया है। जिसका परिणाम यह हुआ है कि चाय बागान क्षेत्र एक बहुत बड़ा जंगल बन गया है जिसने तरह-तरह की जंगली झाड़ियां और पेड़ों का एक भयानक जंगल का रूप धारण कर रखा है। इसके परिणाम स्वरूप चाय बगान में विभिन्न प्रकार के जंगली जानवरों जैसे सांप, सुअर, अजगर एवं गुलदार आदि का आश्रय स्थल बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि यहां पर असामाजिक तत्वों की शरण स्थली भी बनी हुई है, स्मेकी/नशेड़ी एवं गुंडा तत्वों का यह अड्डा बन गया है। क्षेत्रवासियों ने यह भी अवगत कराया कि अभी कुछ दिनों पहले ही चाय बागान में कुछ गौ अवशेष मिले थे जो संज्ञान का विषय हैं।
समस्या का संज्ञान लेकर विधायक ने मौके पर उपस्थित चाय बागान के मैनेजर को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विधायक ने चाय बागान के मैनेजर को बागान का नियम अनुसार रखरखाव करने हेतु सख्त आदेश दिए ताकि चाय बागान में अवांछित तत्व एवं जंगली जानवरों की शरण स्थली ना बन सके और श्यामपुर से लक्ष्मीपुर, मोतीपुर व उमेदपुर तक क्षेत्रवासी सड़कों पर निर्भीक होकर आवागमन कर सके व किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना ना हो। विधायक ने चाय बागान में हो रही बड़ी-बड़ी झाड़ियों को साफ करने के निर्देश चाय बागान के प्रबंधन को दिए।
वहीं दूसरी ओर क्षेत्रवासियों ने पेयजल संबंधित समस्याएं भी विधायक के समक्ष रखी। कॉलोनी वासियों ने विधायक को अवगत कराया की क्षेत्र में नई पेयजल की पाइप लाइन बिछाने के दौरान कुछ स्थानों पर पुरानी पेयजल लाइनें टूट गई है जिन्हें अभी तक जोड़ा नहीं गया है । कुछ पाइप अभी तक मुख्य लाइन से नहीं जुड़ पाए है। इसके अलावा काफी स्थानों पर लीकेज की समस्या भी बनी हुई है । विधायक ने समस्याओं पर गौर करते हुए मौके पर उपस्थित पेयजल निगम के सहायक अभियंता को तत्काल समस्या निवारण के निर्देश दिए। विधायक ने कहा क्षेत्र की समस्याओं का निस्तारण करना हमारा कर्तव्य है इसमें किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन स्थानों पर लीकेज की समस्या बनी हुई है उन्हें तत्काल दुरुस्त करें एवं टूटी हुई पाइप लाइनों को जोड़ने का काम जल्द से जल्द शुरू करें।
बैठक के दौरान पेयजल निगम के सहायक अभियंता अनंत बढ़ोला, चाय बागान मैनेजर देवेंद्र एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे

