चमोली। उपजिला अस्पताल परिसर में संचालित जन औषधि केंद्र अब अस्पताल के मुख्य भवन में शिफ्ट हो गया है। इससे लोेगों को सस्ती दवाओं का लाभ मिल सकेगा। कर्णप्रयाग उप जिला अस्पताल परिसर के प्रशासनिक भवन में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र सालों से संचालित हो रहा है। ओपीडी और वार्ड मुख्य भवन में संचालित हैं। ऐसे में अस्पताल में कई बार लोगों को दवाएं नहीं मिल पाती और जन औषधि केंद्र कुछ दूरी पर होने से आम मरीज और तीमारदार कई बार केंद्र तक नहीं पहुंच पाते। इससे चलते लोगों को बाजार से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती है। ऐसे में अब अस्पताल प्रबंधन ने जन औषधि केंद्र को मुख्य भवन में शिफ्ट किया है। इससे लोगों को अस्पताल में नहीं मिलने वाली दवाओं के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा।
आपातकालीन में भी नहीं दवाओं की कमी: उपजिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीपी पुरोहित का कहना है कि अस्पताल में दवाओं की कमी किसी प्रकार की नहीं है। यहां तक शाम और रात्रि के समय आपातकालीन वार्ड में आने वाले रोगियों के लिए भी भरपूर दवाओं की व्यवस्था कर दी गई है। दुर्घटना में घायल होने वाले मरीजों के लिए प्लास्टर, पट्टी सहित सभी जरूरी सामग्री आपातकालीन में रखवाई गई है। जन औषधि केंद्र के मुख्य भवन में शिफ्ट होने से अस्पताल में आने वाले 300 से अधिक मरीजों को लाभ मिलेगा।

