पौड़ी। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत रविवार को पोखड़ा ब्लाक के राजकीय महाविद्यालय चौबट्टाखाल में बहुद्देश्यीय शिविर आयोजित हुआ। शिविर में पर्यटन मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनने के बाद महाराज ने यहां मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।महाराज ने कहा कि यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। महाराज ने कहा कि अफसर जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें। यदि व्यस्तता के कारण फोन रिसीव न कर पाएं तो संबंधित को बैक कॉल अवश्य करें। कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश नई ऊंचाईयों को छू रहा है। मेक इन इंडिया से रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ी है और रक्षा उत्पादों के निर्यात में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। महाराज ने जीएसटी सुधारों और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का भी जिक्र किया। कहा कि शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी और लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है। इन शिविरों में सक्रिय भागीदारी कर अधिकतम लाभ उठाएं। इस मौके पर सीडीओ गिरीश गुणवंत ने कहा कि शिविर में जो भी शिकायतें आ रही है उनका समय से निस्तारण किया जा रहा है। इस मौके पर पेयजल, विद्युत, सड़क के अलावा वन्यजीवों के आंतक से लेकर फसलों के नुकसान संबंधी 30 शिकायतें आई, इसमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अन्य को एक पखवाड़े के भीतर निस्तारण के निर्देश संबंधित अफसरों को दिए गए। वहीं स्वास्थ्य शिविर में 205 लोगों ने पंजीकरण करवाया। 17 को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी हुए। 35 का टीबी एक्सरे, 119 नेत्र परीक्षण जबकि 34 के स्वास्थ्य संबंधी अन्य परीक्षण किए गए। आयुर्वेदिक चिकित्सालय ने 40 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवा वितरित की। समाज कल्याण विभाग ने 9 यूडीआईडी के आवेदन लिए। कृषि विभाग ने कृषि यंत्रीकरण मद में 4-4 लाख की राशि के अनुदान प्रमाण पत्र दिए। शिविर में अन्य विभागों ने भी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में एसडीएम चौबट्टाखाल दीक्षिता जोशी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा संजय सिंह, सीएमओ डॉ. शिवमोहन शुक्ला, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, आदि अफसर मौजूद रहे।
Recent Comments
on पिरूल कलेक्शन कर रहे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएं : मुख्य सचिव
on मुख्य सचिव ने की पिरूल के निस्तारण एवं अन्य उपयोगों के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक
on भक्तदर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में सीएम धामी हुए मुख्य अतिथि शामिल
on स्व.मेजर अशोक कुमार के जन्मदिवस पर उनकी पत्नी सुषमा खिंडारिया ने राजभवन को 275 बोनसाई पौधे भेंट किये

