Sunday, June 29, 2025
Homeराज्यउत्तराखंड''राइजिंग उत्तराखंड'' कार्यक्रम में सीएम धामी ने प्रदेश के विकास एवं जनता...

”राइजिंग उत्तराखंड” कार्यक्रम में सीएम धामी ने प्रदेश के विकास एवं जनता से जुड़े मुद्दों पर रखी अपनी बात

-2025 तक देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा उत्तराखंड

-जोशीमठ आपदा पर राज्य, केंद्र मिलकर कर रहे काम

-यूनिफॉर्म सिविल कोड वोट के लिए नहीं 

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को राजपुर रोड़ स्थित होटल में आयोजित  ”राइजिंग उत्तराखंड” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रदेश के विकास एवं जनता से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 5 नवम्बर, 2021 को बाबा केदार की भूमि से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था इसी का प्रतिफल है कि इस बार चारधाम यात्रा में लगभग 50 लाख से अधिक रिकार्ड संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि 4 करोड़ से अधिक श्रद्धालु कांवड यात्रा में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिये रोड मैप पर तैयार कर कार्य किया जा रहा है। रोजगार और आर्थिकी को बढ़ावा देने के लिये पर्यटन कृषि बागवानी के क्षेत्र में योजनायें बनायी गयी है। प्रदेश में भूमि बैंक बनाया गया है ताकि अधिक से अधिक निवेशक राज्य में उद्योगों की स्थापना के प्रति आकर्षित हों। स्वयं सहायता समूहों की आर्थिकी को भी मजबूती देने के प्रयास किये जा रहे हैं। लखपति दीदी योजना में 2025 तक 1.25 लाख मातृशक्ति बहनों को लखपति बनाने की योजना बनायी गयी है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता विकास को गति प्रदान करने के लिए हमारी सरकार द्वारा विगत वर्ष “रूरल बिजनेस इनक्यूबेटर्स“ की स्थापना जनपद अल्मोड़ा के हवालबाग में और जनपद पौड़ी के कोटद्वार में की गई। वर्तमान में इन “रूरल बिजनेस इनक्यूबेटर्स“ के माध्यम से ग्रामीण उद्यमियों को विभिन्न प्रकार की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इससे हमारे युवा रोजगार मांगने वाले नहीं रोजगार देने वाले बनेंगे तथा पलायन रोकने में भी हम सफल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए मसूरी में आयोजित चिंतन शिविर एवं बोधिसत्व विचार श्रृंखला में जो सुझाव सामने आये हैं, उन सभी सुझावों को धरातल पर लाने के साथ जन समस्याओं के समाधान के लिए प्रक्रियाओं का सरलीकरण कर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर काफी चिंतित है और जिन लोगों ने भी नकल कराई है, उनके खिलाफ कड़ा एक्शन तत्काल लिया गया है साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2014 व 15 से भर्ती घोटाले चल रहे थे। हमेशा जांच की बात होती थी लेकिन जांच नहीं होती थी। हमने इसमें प्रारंभिक जांच कराई। आज अभी तक 55 लोग जेल जा चुके हैं। भर्ती प्रक्रिया में नकल रोकने के लिए नकल विरोधी कानून लाया जा रहा है ताकि भविष्य में कोई इस प्रकार की हरकत कर नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ करने की सोच भी न सके।

समान नागरिक संहिता को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह किसी के खिलाफ नहीं है। 12 फरवरी 2022 को हमने इसे लेकर संकल्प जताया था और सरकार बनने पर कमेटी बनाई। उन्होंने कहा कि हमारे बाद तमाम राज्य इस पर आगे आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में चुनाव से 6 माह पहले ही उन्हें मुख्यमंत्री का दायित्व मिला था। पार्टी ने मुझ जैसे सामान्य व्यक्ति को यह जिम्मा दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भरोसा जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड जघन्य और घिनौना कृत्य था। इसको लेकर हमने तत्काल कार्रवाई की। सारे आरोपी तत्काल गिरफ्तार किए गए तथा एसआईटी का गठन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में दोषियों को कठोर से कठोर सजा दिलाने के लिए हमारी सरकार संकल्पबद्ध है।

जोशीमठ भूधंसाव प्रभावित क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जोशीमठ शहर जनपद चमोली का तहसील मुख्यालय, श्री बद्रीनाथ जी का शीतकालीन निवास स्थान है, तथा सामरिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थान है। वे स्वयं वहां 03 दिन रहे, सरकार का सबसे पहला प्रयास प्रभावितों को सुरक्षित स्थान पर ले जाना था। अंतरिम, तत्काल मदद के रूप में डेढ़ लाख रूपये, 200 से भी ज्यादा परिवारों को दिया जा चुका है। प्रभावितों के पुनर्वास और सेटलमेंट के लिए काम कर रहे हैं, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री भी लगातार इस नजर बनाये हुए हैं। 8 एजेंसियां यहां काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा उत्तराखंड के अन्य शहरों की धारण क्षमता का भी आंकलन किया जायेगा अगर उनमें क्षमता से ज्यादा निर्माण हो चुका हो तो उसको धीमा कराने का कार्य किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पूर्णतः सुरक्षित है। यह भ्रम अनावश्यक रूप से फैलाया जा रहा है उत्तराखण्ड असुरक्षित है। केवल जोशीमठ का कुछ ही क्षेत्र भूधंसाव से प्रभावित है। हमारा प्रयास आगामी चारधाम यात्रा को और बेहतर ढंग से संचालित करने का है। इसके लिये तैयारियां की जा रही हैं। उत्तराखण्ड पूर्णतः सुरक्षित है। यह संदेश देश दुनिया में जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार पर ध्यान दिया जा रहा है। जौलीग्रांट के साथ पंतनगर को अंतराष्ट्रीय स्तर कर हवाई अड्डा बनाया जा रहा है। नैनी सैनी, चिन्यालीसौड एवं गौचर हवाई पट्टियों को उड़ान योजना के तहत विकसित किये जा रहे हैं। हेलीपोर्टों को भी आवश्यक संसाधनों से सुविधायुक्त बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत द्वारा अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर जो भी प्रस्ताव रखे जाते हैं, उन पर गम्भीरता से फैसले भी लिये जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत इस वर्ष जी 20 शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है। जी 20 की 02 महत्वपूर्ण बैठकें उत्तराखण्ड में भी प्रस्तावित हैं। भारत के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2023 को अन्तरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष भी घोषित किया है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर से धारा 370 हटाकर एक राष्ट्र, एक विधान, एक निशान को लागू किया है। वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा तेजी से बढ़ी है। भारत दुनिया की पांचवी सबसे बढ़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है। आज भारत डिजिटल टेक्नॉलॉजी के क्षेत्र में ग्लोबल मैप पर अपने पहचान बना रहा है। आज दुनिया का 40 प्रतिशत डिजिटल ट्रांजेक्शन भारत में हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जबरदस्ती धर्मांतरण नहीं होने दिया जायेगा। इस प्रकार का कृत्य राज्य के किसी भी क्षेत्र में न हो इसके लिये कानून बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हल्द्वानी जैसे मामले में सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। इस मामले में राज्य सरकार न्यायालय में पार्टी नहीं है। यह रेलवे का मामला है। राज्य सरकार द्वारा माननीय न्यायालय के निर्देशों का पालन किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड गंगा का उद्गम क्षेत्र है। गंगा स्वच्छता के लिये प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि नमामि गंगे एवं अर्थ गंगा को संयुक्त राष्ट्र द्वारा विश्व के 10 इनिशिएटिव में से एक माना है। हमारा प्रयास राज्य की सीमा तक गंगा जल को पूर्णतः स्वच्छ बनाना है। इसके लिये गोमुख से हरिद्वार तक 132 नालों को टेप किया गया है और अतिरिक्त 11 एसटीपी बनाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ बनाने में उत्तराखण्ड देश का मॉडल राज्य बनेगा।

—————————————————–

वहीं ”राइजिंग उत्तराखंड” कार्यक्रम में शामिल कई और हस्तियों  ने भी अपने विचार रखें

भारत में दो भारत: हरदा 

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को लेकर कहा कि इसकी वजह से जनता में उत्सुकता का माहौल है।  ”राइजिंग उत्तराखंड” कार्यक्रम के ‘दिल है कि मानता नहीं’ सत्र में कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल की यात्रा से राजनीतिक वातावरण बदला है और पूरा भारत आज उनके साथ है। चर्चा के दौरान हरीश रावत ने कहा कि भारत में 2 भारत है, एक इंडिया और दूसरा भारत, उन्होंने कहा कि तामझाम इंडिया के साथ है। बातचीत के दौरान हरीश रावत ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, हमेशा आंख बंद करके किसी की आलोचना नहीं करनी चाहिए। अच्छे काम की तारीफ होनी चाहिए, हर इंसान में कुछ गुण और कुछ अवगुण होते हैं, पुष्कर सिंह धामी में अच्छे गुण भी हैं।

राहुल कौन सी मुहब्बत की दुकान चला रहे?: त्रिवेदी

राज्यसभा सांसद और बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि उत्तराखंड के कण-कण में शौर्य और आध्यात्म है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी ने संविधान का मखौल उड़ाया है। ”राइजिंग उत्तराखंड” कार्यक्रम के ‘संस्कृति और राष्ट्रवाद’ सत्र में बोल रहे थे। सांसद ने कहा, कुछ लोगों को भारत में डर लगता है. राहुल गांधी कौन सी मोहब्बत की दुकान चला रहे हैं?। भाजपा के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को लेकर कहा, राहुल की यात्रा में कई रंग हैं और राहुल अपने कारनामों से डरे हुए हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस नेता की जुबान पर तालिबान है, कांग्रेस ने संविधान का मखौल उड़ाया है, राहुल में गब्बर की आत्मा चली गई है।

केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट भी  ”राइजिंग उत्तराखंड” कार्यक्रम में शामिल हुए। अजय भट्ट ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। भारत दुनिया के देशों का नेतृत्व कर रहा है, और इसीलिये ऐसे समय में भारत को जी-20 की अध्यक्षता मिली है। अजय भट्ट ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को आज दुनिया ताक रही है, हर बड़े मुद्दे पर हमारी तरफ देखा जाता है कि भारत का इस पर रुख क्या है। रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि चीन आज भारत की तरफ आंख उठाने की भी हिम्मत नहीं कर पाता और गलवान में हमारे वीरों ने चीन को मुंहतोड़ जवाब दिया। अजय भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी चीन की तरफदारी करते हैं, और उनकी भारत जोड़ो यात्रा से देश की राजनीति में कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।

उत्‍तराखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा भी  ”राइजिंग उत्तराखंड” कार्यक्रम में शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि हमारी पार्टी ने हमेशा तुष्टिकरण का विरोध किया है। तुष्टिकरण समाज में द्वेष पैदा करता है। धर्म के नाम पर अवैध कब्जा गलत है। अतिक्रमण को धार्मिक रंग नहीं देना चाहिए, सिर्फ मस्जिदें नहीं तोड़ी गई, जान और माल की रक्षा प्राथमिकता रही है। लोगों को लालच देकर धर्मांतरण होता है और हम जबरन धर्मांतरण का विरोध करते हैं।

‘सत्ता का समीकरण, तुष्टिकरण’ सेशन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि कुछ लोग धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं। हम तुष्टिकरण का विरोध करते हैं। जंगल में मजारें तोड़ी गईं, कुछ लोगों ने ध्रुवीकरण किया। उन्‍होंने कहा कि संविधान में सभी के विकास की बात कही गई है। जोशीमठ के हालात के लिए सरकार जिम्मेदार है। करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस धर्मांतरण के पक्ष में नहीं है., किन कारणों से लोग धर्मांतरण करते हैं?।

उत्तराखंड सरकार के वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि  22 साल में उत्तराखंड के सामने कई समस्याएं आई, जिन्हें अब दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरी ताकत से अर्धव्यवस्था को सुधार रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पूरे देश से लोग आते हैं, हर साल 4 से 5 करोड़ पर्यटक आते हैं, और उनके लिए अब बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

उत्‍तराखंड के पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा और कृषि मंत्री गणेश जोशी भी  ”राइजिंग उत्तराखंड” कार्यक्रम में शामिल हुए। ‘विरासत कितनी जरूरी’ सेशन में पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश में कई विकास कार्य हो रहे हैं और इससे पलायन को रोकने में कामयाबी मिली है। पशुपालकों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं तो हर वर्ग के लिए पॉलिसी बनाकर काम किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं को मौका देती है और इसके कारण ही युवा भाजपा से जुड़ रहे हैं।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पहले मैं फौजी था, और मुझे राजनीति नहीं आती थी, लेकिन आज एक सिपाही भी मंत्री है। यह भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा में सबके लिए अवसर हैं और पार्टी सभी को काम करने के मौके देती है। यहां छोटा कार्यकर्ता भी जिम्मेदारी निभाता है और उसे बड़े से बड़ा पद मिल सकता है। उन्‍होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तराखंड से कांग्रेस का पत्ता साफ हो जाएगा।

”राइजिंग उत्तराखंड” में खेल मंत्री रेखा आर्य भी शामिल हुए। खेल मंत्री ने कहा कि अभी 5 हजार बच्चे खेल छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे हैं, और उनके खेल के साजो सामान से लेकर उनकी डाइट तक का ध्यान सरकार रख रही है। रेखा आर्य ने कहा कि हमारी सरकार ने बच्चों को, नई पीढ़ी को खेल की तरफ मोड़ा है। खेल मंत्री ने बताया कि 2021 में खेल नीति बनाई और उसके बाद से लगातार उसे आगे बढ़ाया जा रहा है।। 2017 से पहले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन नहीं मिलता था, लेकिन अब बच्चे से खिलाड़ी बनने तक का पूरा ध्यान सरकार रख रही है।।

‘राइजिंग उत्तराखंड’ कार्यक्रम में साधु संत भी शामिल हुए। इस महामंच से संतों ने भगवा से जुड़े विवाद, सिनेमा के बॉयकॉट पर खुलकर अपनी राय रखी। आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद, महामंडलेश्वर स्वामी रूपेन्द्र प्रकाश, महामंडलेश्वर हरिचेतानंद जी महाराज इसमें शामिल हुए। सनातन धर्म दूसरे धर्म पर कुठाराघात नहीं करता है, अन्याय को झेलने की एक क्षमता होती है। सनातन धर्म को तोड़-मरोड़ कर फिल्‍मों में पेश करने वाले बलवान हैं। सनातन धर्म को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है। यह बात निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्‍वर आचार्य कैलाशानंद जी महाराज ने शुक्रवार को  ‘राइजिंग उत्तराखंड’ कार्यक्रम के ‘सनातन का सेंसर बोर्ड’ सत्र में कही।

पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि मोटा अनाज खाने की आदत डालें क्योंकि अच्छा भोजन दवाओं से दूर रखता है। कई अनाजों से बने आटे के खाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि खाने की आदत में सुधार की जरूरत है। आचार्य बालकृष्ण भी महामंच ”राइजिंग उत्तराखंड” कार्यक्रम के ‘कारोबार का स्वदेशी योग!’ सत्र में बोल रहे थे। पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि जड़ी बूटियों को लेकर उत्तराखंड में बहुत संभावनाएं हैं, संभावनाओं पर यदि हम काम करें तो उत्तराखंड को हर्बल स्टेट बना सकते हैं।  उन्होंने कोरोना वायरस के इलाज में कोरोनिल किट को लेकर उठे विवाद पर भी अपनी बात रखी। बालकृष्ण ने कहा, कोरोनिल किट से लोगों को फायदा मिला। इसके साथ ही उन्होंने हार्ट अटैक की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जाहिर की। योग के महत्व पर भी उन्होंने जोर दिया और कहा, सभी लोगों को योग जरूर करना चाहिए, योग सर्वोत्तम उपाय है, शरीर को रोग से बचाना सबसे बड़ा धर्म है।

उत्तराखंड में अपनी सामाजिक पहल के लिए मशहूर गायक बीके सामंत भी ”राइजिंग उत्तराखंड” में शामिल हुए। गायक बीके सामंत ने उत्तराखंड में एक मुहिम चला रखी है कि पहाड़ के लोग पहाड़ में पलायन न करें और पलायन कर चुके लोगों को पहाड़ बुलाने के लिए एक गीत भी लिखा, बीके सामंत ने इस दौरान गीत के माध्यम से पलायन रोकने की बात कही।

उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट की रहने वाली फिल्म अभिनेत्री श्वेता महारा और मध्य प्रदेश की रहने वाली खुशबू आत्रे भी  ‘राइजिंग उत्तराखंड’ कार्यक्रम में शामिल हुईं, और अपने अब तक के सफर को बयां किया।

कार्यक्रम में ज्योति उप्रेती और नीरजा उप्रेती बहनों ने अपने सुरों से महफिल में चार चांद लगाए। रैपर शोविज ने हिंदी और संस्कृत में रेप प्रस्तुति दी वहीं गढ़वाली गायक सौरभ मैठाणी ने गजल में सुर दिए।

 

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments