विकासनगर। उत्तराखंड पंचायत चुनाव में 28 जुलाई को दूसरे चरण के लिए मतदान होना है। मतदान से पहले पुलिस ने प्रदेशभर में चेकिंग अभियान चला रखा है। इसी क्रम में देहरादून पुलिस को सहसपुर क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। देहरादून पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सहसपुर थाना क्षेत्र में शनिवार 26 जुलाई को चेकिंग की जा रही थी, तभी पुलिस की नजर एक कार पर पड़ी। पुलिस को मामला कुछ संदिग्ध लगा। इसीलिए पुलिस ने ड्राइवर को कार रोकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने कार रोकने के बजाए भगानी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने कार का पीछा किया। हालांकि कुछ ही दूरी पर जाकर कार सामने से आ रहे लोडर वाहन से टकरा किया। पुलिस ने बताया कि इस दौरान कार का ड्राइवर तो भाग गया, लेकिन कार में बैठे एक अन्य व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली तो सीट से नीचे केबिन बनाकर दारू छुपाई गई थी। पुलिस ने कार से 6 पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद की। पुलिस ने बताया कि उनकी गिरफ्त में आए आरोपी को नाम टिकू शर्मा निवासी यमुनानगर हरियाणा है। जिसे पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। कार को सीज कर दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी से बरामद की गई शराब हरियाणा की है। पुलिस अभी पता लगाने में जुटी हुई है कि आखिर ये शराब किसको सप्लाई की जानी थी। कही इस शराब का इस्तेमाल पंचायत चुनाव में तो नहीं किया जाना था।

