विकासनगर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे जीएसटी बचत उत्सव के तहत रविवार को विधायक सहदेव पुंडीर ने बड़ोवाला में व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें जीएसटी के दो स्लैब समाप्त किए जाने से होने वाले फायदों की जानकारी दी। कहा कि घटाई गई जीएसटी दरों से व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा और उपभोक्ताओं पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक पहल देश की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ आम जनता के जीवन को भी सरल बनाएगी। विधायक ने कहा कि जीएसटी दरों में बदलाव से दूध, पनीर, शैंपू, साबुन, टूथपेस्ट जैसी रोजमर्रा की चीजें अब सिर्फ पांच प्रतिशत और शून्य दर पर मिलेंगी।
•कॉपियां, पेंसिल, नोटबुक और बच्चों की सामग्री पूरी तरह कर मुक्त की गई है।
•जीवन बीमा पर जीएसटी हटा दिया गया है, स्वास्थ्य सेवाओं में भी राहत दी गई। वहीं लग्ज़री कार, यॉट और कैसीनो जैसी वस्तुएं 40 प्रतिशत के विशेष स्लैब में रखी गई हैं।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने जीएसटी दरों में बदलाव कर देशवासियों को दीपावली का तोहफा दिया है। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी स्वराज विद्वान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमवीर राघव, बिजेंद्र उनियाल, मंडल अध्यक्ष मदन सिंह, अनिल नौटियाल, दर्शन रावत आदि मौजूद रहे।

