-पछुवादून, जौनसार बावर को जल्द मिलेगी रेल यातायात की सुविधा
विकासनगर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुरू किए गए सेल्फी अभियान के तहत मंगलवार को सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने बाड़वाला में कार्यकर्ताओं के साथ सेल्फी लेते हुए लोक सभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने को कहा। बाड़वाला में पार्टी के प्रदेश मंत्री मातवर सिंह तोमर के आवास पर कार्यकर्ताओं को ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा देश अगले लोक सभा चुनाव में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही सरकार बनाना चाहता है। मोदी के अगले कार्यकाल में भारत सामरिक और आर्थिक वैश्विक महाशक्ति बन जाएगा। इसके साथ ही देश का विकास इस तरह से हो जाएगा, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।
सांसद ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यों से कांग्रेस में बौखलाहट है। बौखलाहट में कांग्रेस भ्रामक प्रचार कर रही है, लेकिन कांग्रेस का दुष्प्रचार उसी को भारी पड़ रहा है। कहा कि पछुवादून, जौनसार बावर को जल्द ही रेल लाइन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही लखवाड़ बांध परियोजना भी जौनसार बावर और पछुवादून के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार मिलकर 2025 तक उत्तराखंड को देश का सबसे उन्नत प्रदेश बनाने के लिए मिलकर काम कर रही है। जल्द ही केंद्र सरकार प्रदेश में कई अन्य योजनाएं शुरु करेगी। जिनसे पछुवादून, जौनसार बावर को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लोक सभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के साथ ही जनता की समस्याओं को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाने की सलाह दी। इस दौरान हरि बहादुर थापा, खजान सिंह नेगी, नरेंद्र तोमर, विरोज चौहान, कमल थापा, गीता देवी, सरिता, भरत सिंह रावत, अनिल चौहान, चमन तोमर आदि मौजूद रहे।

