Tuesday, March 24, 2026
Homeउत्तराखंडचमोलीचारों धामों की पॉवर सप्लाई को पुख्ता बनाए रखने को ऊर्जा निगम...

चारों धामों की पॉवर सप्लाई को पुख्ता बनाए रखने को ऊर्जा निगम ने दौड़ाई टीमें

चमोली। चारों धामों में पॉवर सप्लाई सिस्टम को पुख्ता बनाए रखने को शुक्रवार को ऊर्जा निगम मैनेजमेंट हरकत में नजर आया। गुरुवार को बदरीनाथ धाम में छोटे से फॉल्ट के कारण दो घंटे की बाधित रही सप्लाई के कारण शुक्रवार दिन भर यूपीसीएल मुख्यालय में खलबली रही। मुख्यालय से एक टीम बदरीनाथ धाम रवाना की गई। मुख्यालय में एक कंट्रोल रूम बनाया गया। शनिवार को एमडी खुद बदरीनाथ, केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो रहे हैं।
यूपीसीएल पर चारों धामों में 24 घंटे बिजली सप्लाई का दबाव है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो टूक सख्त निर्देश जारी कर चुके हैं कि किसी भी तरह की बिजली कटौती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धामों में एक एक मिनट के बिजली सप्लाई बाधित होने का ब्यौरा सीधे उच्च स्तर पर देखा जा रहा है। गुरुवार को बदरीनाथ धाम में पत्थर गिरने से कंडक्टर को पहुंचे नुकसान से सप्लाई दो घंटे बाधित रही। इस पर ऊर्जा विभाग में नीचे से लेकर ऊपर मैनेजमेंट तक का जवाब तलब किया गया। यूपीसीएल को धामों में पॉवर सप्लाई का बैकअप सिस्टम भी तैयार रखने की सख्त हिदायत दी गई।
इसके बाद शुक्रवार को एमडी यूपीसीएल के निर्देश पर एक तकनीकी दल का गठन किया गया। इसमें एसई टिहरी शैलेंद्र सिंह, एक्सईएन मोहन मित्तल, एई शुभम कंडवाल को शामिल किया गया। दल को शुक्रवार को ही रवाना कर दिया गया। बदरीनाथ धाम में ही एसई समेत निदेशक ऑपरेशन मदन राम आर्य को अलग से पहले से ही तैनात किया गया है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के लिए एसई विकासनगर युद्धवीर सिंह तोमर को पूरे क्षेत्र में कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यालय में खुला कंट्रोल रूम
यूपीसीएल मुख्यालय में भी कंट्रोल रूम खोला गया। एक्सईएन मयूर देव सिंह, मोहन मित्तल समेत अन्य अफसरों को कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी दी गई है। यहां से चारों धामों की बिजली सप्लाई पर नजर रखी जाएगी। किसी भी तरह की बिजली सप्लाई बाधित होने पर क्षेत्रीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए सप्लाई बहाली सुनिश्चित करने की भी जिम्मेदारी कंट्रोल रूम पर रहेगी।
केदारनाथ धाम को चार सेक्टर में बांटा
यूपीसीएल ने बिजली सप्लाई के मामले में केदारनाथ धाम को चार सेक्टर में बांट दिया है। गौरीकुंड, जंगलचट्टी, भीमबली और लिंचोली को चार सेक्टर में बांटा गया है। इस सेक्टरों में तैनात अधिकारियों को सभी जरूरी सामान को पर्याप्त मात्रा में अपने पास उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

धामों में बिजली सप्लाई सामान्य बनाए रखने को मुख्यालय से लेकर सर्किल, डिवीजन से लेकर सब डिवीजन तक सभी की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। शत प्रतिशत प्रयास यही किया जा रहा है कि बिजली सप्लाई को सामान्य बना कर रखा जाए। -अनिल कुमार, एमडी यूपीसीएल

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments