Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादूनडीएम-एसएसपी ने लिया शहर में व्यवस्थाओं का जायजा

डीएम-एसएसपी ने लिया शहर में व्यवस्थाओं का जायजा

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह सोमवार को बुलट पर सवार होकर दून शहर में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए निकले। इस दौरान उन्होंने जाम की समस्या हल करवाने, अतिक्रमण हटवाने, लोगों की सुविधा के लिए शौचालयों का निर्माण करवाने, पिंक बूथ बनवाने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया। उन्होंने आईएसबीटी पर सड़क चौड़ीकरण के साथ ड्रैनेज प्लान व पार्किंग निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे जिलाधिकारी सविन बंसल कैंप कार्यालय से रवाना हुए। उनके साथ बुलट पर एसएसपी अजय सिंह बैठे थे। उन्होंने राजपुर रोड से घंटाघर, एमकेपी चौक, आराघर, रिस्पना पुल, कारगी चौक, आईएसबीटी, लालपुल, सहारनपुर चौक होते हुए प्रिंस चौक तक निरीक्षण किया। इस दौरान महिला सुरक्षा के दृष्टिगत पिंक बूथ, पिंक टॉयलेट की संभावना, अतिक्रमण, पार्किंग, चौराहों का निर्माण व सौन्दर्यीकरण, यातायात व्यवस्था, सड़क, ड्रेनेज आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने गांधी पार्क, एमकेपी चौक, लालपुल पर पिंक बूथ और लालपुल के समीप पुलिस बूथ पर पिंक टायलेट के प्रस्ताव सौंपने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर यातायात लाईटों की मरम्मत होनी है और जिन चौराहों पर लाईट लगाने की जरूरत है, उसके लिए पुलिस विभाग से प्रस्ताव मांगे। जिलाधिकारी ने रिस्पना पुल, आईएसबीटी, प्रिंस चौक पर बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर एनएच, लोनिवि व संबंधित अधिकारियों को आख्या सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए। आईएसबीटी चौक पर सड़क चौड़ीकरण के साथ ही जलभराव की समस्या हल करने के लिए एनएच व लोनिवि के अधिकारियों को प्लान तैयार करने को कहा। ताकि अगले मॉनसून से पहले व्यवस्था दुरुस्त हो सके। उन्होंने कहा कि आईएसबीटी में जहां सड़क चौड़ीकरण होना है वहां पर भूमि अधिग्रहण कर सड़क के चौड़ीकरण को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसपी यातायात मुकेश ठाकुर, पीआईयू सेल प्रभारी स्मार्ट सिटी प्रवीण कुश और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

 

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments