कोटद्वार। जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार विधान सभा की समस्याओं का निस्तारण न होने पर रोष व्यक्त किया है। इस संबध में मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया।ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश सरकार के उदासीन रवैये के कारण कोटद्वार विधानसभा विकास कार्यों में पीछे छूटती जा रही है। वर्तमान में भी कोटद्वार में ज्वलंत समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, जिसका निराकरण करना आवश्यक है। ज्ञापन में मालन पुल का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने, बरसाती पानी की बेहतर निकासी के प्रबंध करने, वर्तमान में नगर निगम में जबरन शामिल की गई ग्राम सभाओं से लिए जा रहे टैक्स को समाप्त करने, नगर निगम के अंतर्गत भाबर व अन्य क्षेत्रों की सिंचाई नहरों की मरम्मत कराने और कूड़ा निस्तारण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग करते हुए राज्यपाल से इस संबध में प्रदेश सरकार को निर्देशित करने की मांग की गई है। ज्ञापन प्रेषित करने वालों में बलबीर सिंह रावत, रंजना रावत, सुधा असवाल, केशर सिंह चौहान, शंकेश्वर सेमवाल, कृपाल सिंह और राजीव जखमोला आदि मौजूद रहे।

