Monday, July 21, 2025
Homeउत्तराखंडदेहरादूनकांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष करन महरा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मोदी...

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष करन महरा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मोदी का पुतला फूंका

देहरादून। मोदी सरकार पर तानाशाहीपूर्ण रवैये का आरोप लगाते हुए और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जानबूझकर निशाना बनाने के विरोध में आज महानगर कांग्रेस के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष करन महरा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मोदी का पुतला फूंका। गौरतलब है कि आज गुजरात हाईकोर्ट ने पीएम मोदी सरनेम के मामले में राहुल गांधी की याचिका को खारिज कर दिया है। राहुल गांधी को सूरत कोर्ट ने मानहानि के केस में दो साल की सजा सुनाई थी।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन महरा ने कहा कि पीएम मोदी को अपनी आलोचना रत्ती भर भी बर्दाश्त नहीं है। हर अनैतिक हथकंडे अपनाकर मोदी सरकार अपने आलोचकों को चुप कराने पर तुली हुई है। ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्ष और आलोचकों का दमन किया जा रहा है। राहुल गांधी ही वो नेता हैं, जो मोदी सरकार से सबसे ज्यादा चुभते सवाल करते रहे हैं। चाहे सीमा पर चीन के अतिक्रमण का सवाल हो, अडानी को लाभ पहुंचाने का सवाल हो या फिर मणिपुर में मोदी सरकार की अक्षमता का मामला हो। इसीलिए पीएम मोदी विपक्ष विशेष रूप से राहुल गांधी को सत्ता का दुरूपयोग कर निशाना बनाने में लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि संसद में राहुल गांधी की उपस्थिति से भी मोदी सरकार घबरा रही थी। इसलिए उनकी सदस्यता भी साजिशन खत्म करवाई गई। देश भर में कांग्रेस कार्यकर्ता समर्पित भाव से अपने नेता के पक्ष में खड़े हैं। महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि मोदी और उनकी सरकार ने सारे राजनीतिक और लोकतांत्रिक शिष्टाचार को ताक पर रख दिया है। भाजपा नेता खुलेआम नफरत के बयान देकर फसाद करवा रहे हैं, पर उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। वहीं, विपक्षी नेताओं के राजनीतिक बयानों पर भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा माहौल देश मे कभी नहीं रहा। रात दिन विपक्षी दलों को साम, दाम दण्ड, भेद के द्वारा और सरकारी एजेंसियों का प्रयोग कर निशाना बनाया जा रहा है, तोड़ा जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले सरकार की तानाशाही से नहीं डिगने वाले। सरकार की ऐसी हरकतों से और कुछ नहीं केवल 2024 के चुनाव में मोदी सरकार की विदाई की पटकथा लिखी जा रही है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी, प्रदेश अध्यक्ष महिला ज्योति रौतेला, मनीष नागपाल, नवीन जोशी, गरिमा दौसैनी, अमरजीत सिंह, सत्या पोखरियाल, मोहित उनियाल, लक्ष्मी अग्रवाल, उर्मिला थापा, राजेश पुंडीर, शांति रावत, सुमित देवरानी, पूनम खंडारी, इलियास अंसारी, आलोक मेहता, सईद अहमद जामल, सज्जाद अंसारी, अभिषेक तिवारी, नीरज त्यागी, संजय गौतम, कुलदीप नरूला, राहुल तलवार, सुनील, देवेंद्र सिंह, आशा टम्टा, मनमोहन सिंह, लकी राणा, मुरली मुकेश सोनक , वीरेंद्र पंवार आदि मौजूद थे।

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments