ऋषिकेश। महानगर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को देहरादून में शिक्षा विभाग के अधिकारी के साथ मारपीट के मामले में रायपुर विधायक उमेश शर्मा और अन्य आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दखल की मांग की। एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि देहरादून में विद्यालय का नाम परिवर्तन किए जाने को लेकर उत्पन्न विवाद में शिक्षा विभाग के अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। कहा कि यह घटना न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सीधा हमला है बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों एवं कानून व्यवस्था को भी गंभीर रूप से आहत करती है। सरकारी कार्यालय में घुसकर अधिकारियों के साथ इस प्रकार की घटना होना यह दर्शाता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का भय समाप्त होता जा रहा है। यदि जनप्रतिनिधि ही कानून को हाथ में लेंगे तो आम जनता में गलत संदेश जाएगा और इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली प्रभावित होगी। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सिंह एवं पीसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं है तो यह सरकार आम जनता को किस प्रकार सुरक्षा देगी। महिला महानगर अध्यक्ष पुष्पा मिश्रा और मधु जोशी ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल है। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी मदन मोहन शर्मा, बैसाख सिंह पयाल, राकेश अग्रवाल, ललित मोहन मिश्रा, सूरत सिंह कोहली, सुनीता बंसल, कमलेश शर्मा, पार्षद अभिनव सिंह, ऋषि सिंघल, सुमित चौहान, शैलेंद्र सेमवाल, सपा नेता अतुल यादव, रुकम पोखरियाल, हरि सिंह नेगी, राजेंद्र कोठारी, मधु मिश्रा, गौरव यादव, भूपेंद्र राणा, अशोक शर्मा, बप्पी अधिकारी, राजेश शर्मा, बुद्धि सिंह रावत, आदित्य झा आदि मौजूद रहे।

