केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएँ कार्यकर्ता : त्रिवेंद्र रावत
विकासनगर। ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के मन की बात सुनी। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की बातों पर अमल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शिरकत की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को घर घर तक पहुंचाने को कहा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार के गठन के बाद से ही देशभर में कई ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण बड़ी संख्या में हुआ है। उत्तराखंड में चीन सीमा तक सड़कें बनाई गई हैं। जिससे सेना के साथ ही सीमांत क्षेत्रों में रहने वालों को भी बेहतर यातायात की सुविधा मिलेगी। देशभर में हर वर्ग के लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि विकासनगर विधानसभा में हिमाचल को जोड़ने वाले नावघाट पुल और जौनसार बावर के कोटा क्वानू में हिमाचल को जोड़ने वाले पुलों का निर्माण हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की उपलब्धियां हर घर तक पहुंचायी जानी चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चकराता विधान सभा में भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। कहा जा रहा भाजपा में गुटबाजी है और विधान सभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के दुष्प्रचार से भाजपा कमजोर नहीं होगी। प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने डेयरी फार्म का निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह, ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह, ज्येष्ठ उप प्रमुख भीम सिंह चौहान, कनिष्ठ उप प्रमुख रितेश असवाल, धनदेश उनियाल, अजय शर्मा, कृष्णा तोमर आदि मौजूद रहे।

