देहरादून। भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) ने किसानों को होने वाली समस्याओं को लेकर लक्सर के शिव चौक पर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने 6 मांगों का ज्ञापन शासन को भेजा। इसमें चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो यूनियन किसानों समेत देहरादून कूच करके मुख्यमंत्री आवास पर धरना देगी। यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास चौधरी के साथ शुक्रवार को काफी किसानों ने कस्बे के शिव चौक पर इकट्ठा होकर शासन प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि किसान का हर स्तर पर शोषण किया जा रहा है। सरकार उन्हें लेकर जरा भी गंभीरता नहीं बरत रही है। उन्होंने टोल प्लाजा पर लगे कैमरों के माध्यम से किए जा रहे चालानों को रोकने, बिजली के स्मार्ट मीटर की व्यवस्था समाप्त करने, अपने खेत से मिट्टी उठाने पर किसान के वाहनों पर कार्रवाई ना होने, गन्ना किसानों पर लगी 15 किमी की बाध्यता को खत्म करने और पथरी नदी को नमामि गंगे परियोजना से जोड़े जाने की मांग की। इसके बाद उन्होंने इन मांगों का एक ज्ञापन शासन प्रशासन को प्रेषित किया। ज्ञापन में चेतावनी दी की उनकी मांग नहीं मानी गई, तो यूनियन किसानों के साथ देहरादून पहुंचकर सीएम आवास पर धरना देगी। प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष युनुस अहमद, जिलाध्यक्ष अनिल चौधरी, राजवीर सिंह, अनवार अली, नन्हे सिंह, मौहम्मद यूसुफ, राजेश सैनी, रवि सैनी, मोहित कुमार, अख्तर अली, अभिषेक सैनी, नंदकिशोर, सूरज पाल, स्वराज सिंह, दीपक सैनी, गुलशाद, शरीफ अहमद, सुरेश कुमार, मुर्तजा समेत काफी किसान थे।

