डोईवाला। मानवाधिकार संरक्षण एवं भ्रष्टाचार निवारक समिति और सजग इंडिया की ओर से बुधवार को हरज्ञान चंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज डोईवाला में नशे के खिलाफ जागरुकता अभियान चलाया गया। जिसमें 600 सौ से अधिक छात्र-छात्राओं ने नशे के खिलाफ काम करने की शपथ ली। समिति के अध्यक्ष और राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण के सदस्य ललित जोशी ने विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नशा केवल शराब, सिगरेट या मादक पदार्थों तक सीमित नहीं है, बल्कि मोबाइल गेमिंग, सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग और डिजिटल मनोरंजन पर निर्भरता भी युवाओं को मानसिक रूप से कमजोर कर रही है।ललित जोशी ने कहा कि नशा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की गंभीर समस्या है, जो जीवन और भविष्य को प्रभावित करती है। उन्होंने छात्रों को स्वस्थ आदतें अपनाने और नशा-मुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विद्यालय अध्यक्ष ईश्वर चन्द्र अग्रवाल, प्रधानाचार्य महेश चन्द्र गुप्ता, परीक्षा प्रभारी नरेश बलूनी, कार्यालय प्रमुख संजय पांडे, शिक्षक हिमांशु, सुरेन्द्र सिंह और चौकी इंचार्ज लाल टप्पर विनय मित्तल सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों और समाज पर इसके असर के बारे में भी बताया। उन्हें सम्मानित भी किया गया।

