ऋषिकेश। कांग्रेसियों ने ढालवाला में हनुमान जी की मूर्ति के समक्ष भाजपा सरकार की शुद्ध-बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया। आरोप लगाया कि देश की बेटियां जंतर मंतर पर सड़क पर बैठी है। लेकिन उनको न्याय दिलाने की बजाए अंतर्राष्ट्रीय महिला रेसलिंग खिलाड़ियों के आंदोलन को कुचलने का प्रयास हो रहा है। शुक्रवार को जिला अध्यक्ष देवप्रयाग उत्तम सिंह असवाल एवं नगर अध्यक्ष ढालवाला मुनिकीरेती महावीर खरोला के नेतृत्व में कांग्रेसी शिव दुर्गा मंदिर ढालवाला में एकत्रित हुए और हनुमान चालीसा का पाठ किया। जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि देश का मान सम्मान बढ़ाने वाली देश की बेटियां जंतर मंतर पर सड़क पर बैठी हैं। लेकिन उनको न्याय देने के बजाय आंदोलन को कुचलने का प्रयास हो रहा है। नगर अध्यक्ष महावीर खरोला ने कहा कि भाजपा ने पूरे देश को बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार, गरीबी तथा सांप्रदायिक हिंसा के सिवाए और कुछ नहीं दिया। वर्तमान में पूरे देश में भ्रष्टाचार चरम पर है। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री प्रमिला बिजलवाण और अनीता कोठियाल ने कहा कि मोदी अपने मन की बात तो करते हैं लेकिन देश की बेटियों के मन की बात नहीं सुनते हैं। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सड़क पर युवाओं के साथ बदतमीजी करते हैं। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल, इंटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक भट्ट, नगर अध्यक्ष महावीर खरोला, युवा नेता अजय रमोला, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री प्रमिला बिजलवाण, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अनीता कोठियाल, युवा नेता बलदेव भंडारी, युवा नेता सर्वेंद्र कंडियाल, नगर महासचिव दिलबीर रावत, वरिष्ठ नेत्री सरस्वती जोशी वरिष्ठ नेत्री सुमन नैथानी उर्मिला मंमगाई सहित अन्य उपस्थित रहे।