देहरादून। नरेन्द्रनगर के कुंजापुरी मेले के प्रकरण को लेकर यूनाईटेड सिख फेडरेशन उत्तराखंड पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरा है। फेडरेशन ने सार्वजनिक मंच से दलेर मेहंदी को लेकर कहीं गई मंत्री की टिप्पणी पर भी सख्त एतराज जताते हुए मंत्री सुबोध उनियाल से उनसे माफी मांगने की मांग की है।फेडरेशन अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने कहा कि दलेर मेहंदी एक बड़े गायक हैं, ऑपरेशन होने के कारण उनके साथ स्वास्थ्य समस्या थी। वह चाहते तो अपना कार्यक्रम रद करवा सकते थे। लेकिन अपना कमिटमेंट पूरा करने के लिए वह प्रस्तुति के लिए आ गए। यह उनका बड्प्पन है।कार्यक्रम ठीक चल रहा था और वहां मौजूद लोग कार्यक्रम का आनंद भी ले रहे थे। लेकिन फिर अचानक कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए। मंत्री ने दलेर मेहंदी पर शराब पीकर कार्यक्रम देने का आरोप लगाया, कई ऐसी बातें थी जो उनकी गरिमा के अनुरुप नहीं थी। 35 लाख रुपये का भी बार-बार जिक्र कर दलेर को शर्मिंदा किया गया। दलेर के परिवार और बॉलीवुड के अनेक बड़े कलाकारों ने दलेर को अपना समर्थन देते हुए कहा कि वह शराब नहीं पीते हैं। वहीं मंत्री सुबोध उनियाल खुद भी कई दफे अपने बयानों के चलते विवादों में रहे हैं। जिसके चलते उन्हें कई बार अपने बयानों पर माफी मांगनी पड़ी है। फेडरेशन ने कहा कि ये देव भूमि है जहां अतिथि का सम्मान होता है। जबकि यहां सार्वजनिक रुप से पंजाबी गायक का सम्मान करने के बजाय उनके खिलाफ अर्नगल बातें कहीं गई। लिहाजा कैबिनेट मंत्री को दलेर मेहंदी से तत्काल सार्वजनिक रुप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फेडरेशन इस बात से बेहद आहत है। भाजपा को राजनैतिक रुप से उत्तराखंड और पंजाब के चुनावों में इस प्रकरण का खामियाजा उठाना पड़ पड़ सकता है।

