Monday, September 7, 2026
Homeउत्तराखंडश्रीनगरमृत बकरी का मांस बना मुसीबत, 24 से ज्यादा ग्रामीण बीमार

मृत बकरी का मांस बना मुसीबत, 24 से ज्यादा ग्रामीण बीमार

श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर ब्लॉक के मलेथा के समीप सिरोला गांव में मृत बकरी का मांस खाना ग्रामीणों के लिए भारी पड़ गया। बकरी का मांस खाने के बाद 24 से अधिक ग्रामीण बीमार पड़ गए। बीमारों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कई बच्चों को श्रीनगर के बेस अस्पताल के बाल रोग विभाग में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार गांव में एक बकरी की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने मृत बकरी का मांस निकालकर उसे पकाया और खा लिया। मांस खाने के कुछ समय बाद ही ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लगी। कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत हुई, जबकि कुछ बच्चों में डायरिया के लक्षण सामने आए। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में बीमारों को आसपास के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में लेकर पहुंचे। गंभीर लक्षण वाले कुछ बच्चों को श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल रेफर किया गया।
बेस अस्पताल श्रीनगर के चिकित्सक डॉ. अजय गोस्वामी ने बताया कि किसी पशु की बीमारी अथवा संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर उसका मांस खाना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसे मांस में हानिकारक बैक्टीरिया और संक्रमणकारी तत्व हो सकते हैं, जो स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकते हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि यदि मांस खाने के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द, बुखार, अत्यधिक कमजोरी या डिहाइड्रेशन जैसे लक्षण दिखाई दें तो मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जाए। खासकर छोटे बच्चों में शरीर में पानी की कमी तेजी से गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है। घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में पशु की संदिग्ध मौत के बाद उसके निस्तारण और जागरूकता को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बकरी की मौत किस वजह से हुई थी और क्या मृत पशु का मांस खाने से पहले किसी स्तर पर इसकी जांच या रोकथाम की कोशिश हुई? बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार पड़ने के बाद अब इन सवालों के जवाब तलाशना भी जरूरी हो गया है। फिलहाल बीमार ग्रामीणों का उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की वास्तविक वजह और संक्रमण के स्रोत की जांच किए जाने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Spread the love
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments