देहरादून। दून ऑटो रिक्शा यूनियन ने निजी वाहनों के व्यावसायिक (कमर्शियल) उपयोग पर गहरा रोष व्यक्त किया है। यूनियन ने परिवहन विभाग से मांग की है कि ऑनलाइन ऐप के माध्यम से सवारी ढो रहे निजी वाहनों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। यूनियन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा कि बड़ी संख्या में निजी दोपहिया और चार पहिया वाहन विभिन्न ऑनलाइन कंपनियों से जुड़कर सवारी ढोने का काम कर रहे हैं। यह पूरी तरह अवैध है और इससे अधिकृत ऑटो रिक्शा संचालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सरकारी नियमों का पालन कर टैक्स भरने वाले चालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में मुख्यमंत्री आवास कूच भी किया गया था। उस समय प्रशासन ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन लंबे समय बाद भी धरातल पर कुछ नहीं बदला। यूनियन का कहना है कि यदि परिवहन विभाग ने जल्द ही इन अवैध वाहनों पर लगाम नहीं लगाई, तो चालक एक बार फिर सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

