विकासनगर। मौसम विभाग का ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान सही साबित हुआ। शनिवार आधी रात के बाद बारिश शुरू हुई व सुबह होते-होते क्षेत्र की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। सुबह जब लोगों की नींद खुली तो चकराता के लोखंडी, मोयला टॉप, देवबन, खडम्बा, मुंडाली, व्यास शिखर आदि जगहों पर बर्फ की सफेद चादर नजर आई। रविवार को हुई बर्फबारी से चकराता में भी ठंड बढ़ गई है। सुबह 11 बजे तक तो क्षेत्र में धुंध छाई रही। पूरा दिन बिजली की भी आंख-मिचौनी चलती रही, इससे लोगों को खासी परेशानी हुई। बर्फबारी के कारण क्षेत्र का अधिकतम तापमान गिरकर नौ डिग्री और न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। तापमान गिरने से क्षेत्र के लोग घरों में हीटर, अंगीठी, आलाव के सहारे ठंड से बचते नजर आए। वही क्षेत्र में बर्फबारी की सूचना के बाद पर्यटकों ने भी चकराता का रुख किया और लोखंडी पहुंच कर बर्फबारी का दीदार किया।