देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विहार के राधाकृष्ण मंदिर में दिव्यांगजन सहायता शिविर का शुभारंभ रिबन काटकर किया। शिविर का आयोजन मसूरी विधायक व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के जन्मदिवस(31 जनवरी) को भाजपा मसूरी विधानसभा कार्यकर्ताओं द्वारा मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के तहत आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिविर में आंख, कान की जांच सहित चश्मे, कान की मशीन, छड़ी, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर जैसे जरुरतमंद उपकरण दिव्यांगजनों को प्रदान किये। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि 65 लाख की लागत से दून विहार में सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। 75 लाख की लागत से रेड़ी ठेली वालों के लिए वेंडर जोन बनाया जायेगा। मंत्री ने उनके जन्मदिवस को पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा सप्ताह के रूप में मनाने पर कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ दून विहार के बूथ संख्या 51 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 109 वें संस्करण को सुना। राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन संस्थान व एलिन्को के सहयोग से हुए दिव्यांगजन सहायता शिविर में 3 ट्राईसाइकिल, 14 व्हील चियर, 35 छड़ी, 12 बैशाखी, 167 चश्मे व 50 कान की मशीन जरुरतमंद व्यक्तियों को निशुल्क प्रदान की गयी।